*आस्था और दृढ़ संकल्प की अनोखी मिसाल बने अरविंद प्रसाद यादव*
सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के भौरा गांव निवासी 70 पार अरविंद प्रसाद यादव उर्फ मुन्ना बाबा इन दिनों अपनी अनोखी धार्मिक यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। मुन्ना बाबा 26 सितंबर से उल्टा दंड यात्रा पर निकले हुए हैं। उनका संकल्प सुल्तानगंज में गंगा स्नान करने के बाद देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचना और वहां से बासुकिनाथ धाम की यात्रा पूरी करना है। बताया जा रहा है कि इस कठिन यात्रा को पूरा करने में करीब छह माह का समय लग सकता है। उम्र के इस पड़ाव पर भी मुन्ना बाबा का उत्साह और धार्मिक आस्था देखते ही बन रही है। उनकी यात्रा की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी उनके संकल्प की चर्चा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मुन्ना बाबा की यह यात्रा आस्था, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति की प्रेरणादायक मिसाल है।






