मुख्य अभियंता कुमार मनोज गुप्ता पर भी विभागीय कार्रवाई शुरू
बिहार में गंडक नदी के तटबंधों के क्षतिग्रस्त होने के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। जल संसाधन विभाग ने कथित लापरवाही के मामले में सात अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मुजफ्फरपुर के मुख्य अभियंता कुमार मनोज गुप्ता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई बाढ़ की स्थिति को लेकर हुई समीक्षा के बाद की गई है। सरकार के इस फैसले के बाद जल संसाधन विभाग में हलचल तेज हो गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आपदा की स्थिति में राहत, बचाव और तटबंधों की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए विभाग ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है। इसके चलते कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग के अनुसार, नेपाल और उत्तर प्रदेश में हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी में असाधारण मात्रा में पानी आया। इसके बाद बिहार में भी गंडक नदी का जलस्तर कई स्थानों पर पुराने रिकॉर्ड से ऊपर चला गया। बगहा, डुमरियाघाट, रेवाघाट और लालगंज में नदी का जलस्तर पुराने उच्चतम स्तर को पार कर गया। पानी के बढ़े दबाव का असर तटबंधों पर पड़ा और कई स्थानों पर उनके क्षतिग्रस्त होने की स्थिति सामने आई। आकस्मिक कार्ययोजना लागू करने के बावजूद लापरवाही बरती गई। तटबंध क्षतिग्रस्त होने के बाद जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद तत्काल बचाव और कटाव रोकने के लिए आकस्मिक कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए गए।





