*लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और फरार-वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश*
बांका। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने शुक्रवार को अनुसूचित जाति/जनजाति थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण और लंबित मामलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। *थाना के विभिन्न हिस्सों का लिया जायजा* निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों का संधारण, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, सीसीटीएनएस कार्य सहित अन्य व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया गया। इसके अलावा लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने थाना की भौतिक संरचना, रख-रखाव और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लेते हुए इनके बेहतर उपयोग एवं आवश्यक सुदृढ़ीकरण को लेकर दिशा-निर्देश दिए। *फरार और वारंटी अभियुक्तों पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश* पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थानाध्यक्ष को अपने क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ निरंतर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों के अनुसंधान में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए और प्रत्येक कांड की नियमित समीक्षा की जाए। *एससी/एसटी मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर* एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर भी एसपी ने आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने एससी/एसटी पंजी को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा पीड़ितों को ससमय न्याय दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। इसके साथ ही जिले के अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल तथा संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां नियमित गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। *लंबित कांडों की नियमित समीक्षा होगी* निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लंबित कांडों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। अनुसंधान में तेजी लाने के साथ प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया। *आमजन से बेहतर संवाद बनाने पर जोर* एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अनुसूचित जाति/जनजाति थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।






