कलेक्टर नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में समय सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिला अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद शिविरों में प्राप्त शत-प्रतिशत आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित आवेदनों को प्राथमिकता से हल करने पर जोर दिया गया। बैठक में सेवा संकल्प अभियान और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के क्रियान्वयन, CM हेल्पलाइन व जनसुनवाई आवेदनों के निराकरण, तथा विभिन्न आयोगों और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त आवेदनों में की गई कार्यवाही की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर नारायन ने ढाबों की जांच कर शराब की अवैध बिक्री पर नियमानुसार कार्यवाही करने का भी निर्देश दिया। अगला मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर 09 अक्टूबर को बिछुआ ब्लॉक के जमुनियाकला में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर नारायन ने बताया कि इस शिविर के पूर्व जमुनियाकला और आसपास के ग्रामों की शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अनिवार्य रूप से इस शिविर में उपस्थित होने और अपनी अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रतिवेदन परख ऐप में ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भी कोई आवेदन लंबित न रहें। बैठक में एनएचएआईके अधिकारियों को नेशनल हाईवे पर बड़े वाहनों द्वारा नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्यवाही करने को कहा गया। कलेक्टर ने अभी तक की गई कार्यवाही पर असंतुष्टि व्यक्त करते हुए, सही समय पर जांच करने और चालानी कार्यवाहियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। परिवहन अधिकारी को स्कूली मैजिक वाहनों की लगातार जांच जारी रखने और विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने पर कड़ी कार्यवाही करने का आदेश दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी स्वयं सभी निजी स्कूलों के प्राचार्यों से बात कर गत बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएंगे।
समाचार
कलेक्टर ने दिए समय सीमा प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
6 अक्टूबर 2026 को 12:44 am बजे

कलेक्टर ने दिए समय सीमा प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
साझा करेंWhatsApp



