प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा सरकार पर मतदाताओं की सूची से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनसमर्थन खो चुकी है और चुनाव मैदान में लड़ने के बजाय वोटर लिस्ट से खेलकर जीतना चाहती है। यह चुनाव आयोग के कंधों पर बंदूक रखकर वोट की डकैती है। आनंद शुक्ला ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर छत्तीसगढ़ के 25 लाख वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं। बिना घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किए, सिर्फ कंप्यूटर एल्गोरिदम और फिल्टर लगाकर सामूहिक नाम काटे गए हैं। यह प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सीधी हत्या है। बिलासपुर शहर के तीन बूथों पर एक साथ 117 मतदाताओं के नाम काटे गए, जिन्हें कांग्रेस की आपत्ति पर भौतिक सत्यापन में सही पाया गया। प्रदेश कांग्रेस ने इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक घोटाला बताया है।
समाचार
कांग्रेस का भाजपा पर वोट लिस्ट से खिलवाड़ का आरोप
6 अक्टूबर 2026 को 12:44 am बजे



