शहीद भगत सिंह चौक पर रोष मार्च, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री व मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले फूंके
बरारी । कटिहार । मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर बुधवार को बरारी में इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इंडिया गठबंधन के आह्वान पर राजद, कांग्रेस समेत विभिन्न घटक दलों के कार्यकर्ता शहीद भगत सिंह चौक पर जुटे और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन का नेतृत्व तौकीर आलम ने किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर रोष मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतलों का दहन किया गया। पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। इसमें नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन को लेकर यदि किसी स्तर पर शिकायत सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। नेताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना और उसके मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं गठबंधन की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दे का समर्थन किया। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर संबंधित स्तर से स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए। चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहने से ही आम लोगों का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा मजबूत होगा। तौकीर आलम समेत अन्य नेताओं ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के बदलाव के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है। शिकायतों का समय पर निपटारा होने से मतदाताओं के बीच उत्पन्न आशंकाओं को दूर किया जा सकता है। प्रदर्शन में प्रखंड अध्यक्ष मो. सलीम, अमरिंदर सिंह संजू, दिलफराज, मो. गुड्डू खान, मो. नईम, मो. नसीम, मो. सद्दाम, आजाद अंसारी सहित बड़ी संख्या में इंडिया गठबंधन के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।नेताओं ने बताया कि इंडिया गठबंधन की ओर से गुरुवार को कटिहार जिला मुख्यालय में भी प्रदर्शन किया जाएगा। बरारी में आयोजित प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जिला मुख्यालय में होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।






