पीसीबी ने भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी और हैंडशेक की मांग की थी
पाकिस्तान चैंपियंस डब्ल्यूसीएल से हटी, पीसीबी की शर्तें बनीं वजह
पाकिस्तान चैंपियंस टीम वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) सीजन-3 से बाहर हो गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा टीम को टूर्नामेंट में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने में लगाई गई शर्तों पर डब्ल्यूसीएल प्रबंधन सहमत नहीं हुआ। इसके चलते पाकिस्तान चैंपियंस को इस साल खिताब जीतने का मौका गँवाना पड़ा। पिछले साल के विवादों को लेकर पीसीबी ने भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी और इस बार हैंडशेक की मांग रखी थी, जिसे आयोजकों ने सिरे से खारिज कर दिया। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने डब्ल्यूसीएल में खेलने के लिए अपनी टीम को एनओसी देने की सहमति तो जताई थी, लेकिन इसके साथ कुछ कड़वी शर्तें भी जोड़ दी थीं। पीसीबी चाहता था कि भारतीय खिलाड़ी पिछले साल मैदान पर न उतरने के लिए लिखित माफी मांगें। इतना ही नहीं, बोर्ड यह भी चाहता था कि भारतीय टीम इस बार हैंडशेक के लिए भी तैयार रहे। पिछले साल दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक तक नहीं हुआ था। डब्ल्यूसीएल प्रबंधन ने पीसीबी की किसी भी मांग को मानने से साफ इनकार कर दिया। आयोजकों ने केवल व्यावसायिक टीमों को स्वीकार किया और माफी तथा हैंडशेक जैसी शर्तों को मानने से इंकार कर दिया। इस टकराव के बाद पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला लिया। टीम ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि वे डब्ल्यूसीएल में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। टीम के आधिकारिक बयान में पीसीबी की मांगों का सीधा जिक्र नहीं किया गया। इसमें केवल एनओसी नहीं मिलने के कारण टूर्नामेंट से हटने की बात कही गई। बयान में कहा गया, “पाकिस्तान चैंपियंस को यह बताते हुए अफसोस है कि टीम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) में हिस्सा नहीं ले पाएगी। ” “यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के जरूरी एनओसी जारी करने से इनकार कायम रखने के बाद लिया गया है। ” पाकिस्तान चैंपियंस ने पीसीबी के फैसले का सम्मान करते हुए कहा, “हम पीसीबी के अधिकार और उसके फैसले का सम्मान करते हैं। ” हालांकि, टीम ने निराशा व्यक्त की कि उनके खिलाड़ियों को क्रिकेट के दिग्गजों के इस वैश्विक आयोजन में पाकिस्तान चैंपियंस का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिलेगा। टीम ने अपने खिलाड़ियों, समर्थकों और प्रशंसकों को धैर्य और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। पाकिस्तान चैंपियंस डब्ल्यूसीएल के पिछले दोनों सीजन में उपविजेता रही थी। इस बार डब्ल्यूसीएल सीजन-3 के शेड्यूल में भारत और पाकिस्तान का मैच 10 अक्टूबर को निर्धारित था।




